राजनगर की रहने वाली सुमन भकत ने साईनाथ विश्वविद्यालय, ओरमांझी (रांची) से सी-टेट 2024-25 परीक्षा में टॉप कर अपने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सुमन साईनाथ विश्वविद्यालय में बीएबीएड (अंग्रेजी) के अंतिम वर्ष की छात्रा हैं।
सुमन के परिवार का शैक्षिक प्रदर्शन हमेशा से सराहनीय रहा है। उनकी बहन अंजू भकत ने 2021 में राजनगर प्रखंड, जिला सरायकेला-खरसावां की मैट्रिक परीक्षा में टॉप किया था। सुमन के पिता रविकांत भकत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत गोविंदपुर पंचायत, राजनगर में पीएलवी के रूप में कार्यरत हैं, जबकि मां शोभा रानी भकत एक गृहिणी हैं।
सुमन ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि उनका सपना शिक्षा सेवा की अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना है। सुमन की इस उपलब्धि से उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

