प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू होने वाले ऐतिहासिक महाकुंभ की गूंज अब सात समंदर पार भी सुनाई देने लगी है। इस बार महाकुंभ का प्रचार-प्रसार एक अनोखे और रोमांचक तरीके से हुआ है, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया है। प्रयागराज की अनामिका शर्मा ने दुनिया को आसमान से महाकुंभ में शामिल होने का अनोखा निमंत्रण दिया है। देश की सबसे कम उम्र की स्काईड्राइवर अनामिका ने बैंकॉक में प्लेन से 13,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई। इस दौरान उन्होंने हवा में "दिव्य कुंभ-भव्य कुंभ" लिखे हुए झंडे को लहराया। इस साहसिक प्रदर्शन के माध्यम से अनामिका ने महाकुंभ के महत्व और भारतीय संस्कृति के इस ऐतिहासिक आयोजन का संदेश पूरी दुनिया में फैलाया। उनका यह कारनामा महाकुंभ के प्रचार का एक विशेष और प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।