भारत के टेलीकॉम रेगुलेटर, ट्राई(Telecom Regulatory Authority of India) ने टैरिफ नियमों में संशोधन करते हुए, टेलीकॉम कंपनियों को केवल वॉयस कॉल और एस.एम.एस. के लिए रिचार्ज प्लान प्रदान करना अनिवार्य कर दिया है, जिसमें इंटरनेट डेटा रिचार्ज करने की कोई बाध्यता नहीं हो।
ट्राई के अनुसार, भारत के टेलीकॉम ऑपरेटरों के आंकड़ों से पता चला है कि यहाँ लगभग 15 करोड़ उपभोक्ता अभी भी फीचर फोन अर्थात बटन वाले फोन पर निर्भर हैं, जो केवल वॉयस कॉल एवं एस.एम.एस. का इस्तेमाल करते हैं, और उन्हें इंटरनेट डेटा रिचार्ज की आवश्यकता नहीं है।
टेलीकॉम रेगुलेटर(TRAI) का मानना है कि केवल वॉयस और एस.एम.एस. वाले रिचार्ज प्लान, उन उपभोक्ताओं के लिए एक बहुत ही किफायती और उपयोगी विकल्प प्रदान करेंगे जिन्हें इंटरनेट डेटा की कोई आवश्यकता नहीं है।
ट्राई ने कहा, "सर्विस प्रोवाइडर्स को कम से कम एक टैरिफ वाउचर विशेष रूप से वॉयस और एसएमएस के लिए उपलब्ध कराना होगा, जिसकी वैधता अवधि अधिकतम तीन सौ पैंसठ दिन हो सकती है।”
टैरिफ नियमों में इस बदलाव से भारत के एक बड़े हिस्से को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेष रूप से लगभग 15 करोड़ 2G उपभोक्ताओं, दो सिम कार्ड प्रयोग करने वालों, बुजुर्ग लोगों और ग्रामीण निवासियों को इसका भरपूर लाभ होगा। इस कदम से उपभोक्ताओं को केवल उन सेवाओं के लिए भुगतान करने की छूट मिलेगी, जिनकी उन्हें आवश्यकता है। उन्हें अब उस इंटरनेट डेटा पर खर्च करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी जिसका वे उपयोग ही नहीं करते।
