राजनगर थाना अंतर्गत रानीगंज में शुक्रवार देर शाम एक बाइक सवार ने ब्रेकडाउन हाईवा संख्या जेएच 01एएल-2852 को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार देबाशीष मुखी (19) और उनकी मां द्रौपदी मुखी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों राजनगर के कृष्णपुर के निवासी हैं। दुर्घटना के बाद आधे घंटे तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची, जिसके कारण स्थानीय लोगों को घायलों को बाइक पर हॉस्पिटल ले जाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रभारी को फोन कर घटना की जानकारी दी। बताया गया कि ब्रेकडाउन हाईवा संख्या जेएच 01एएल-2852 सड़क के किनारे घने अंधेरे में खड़ी थी। हाईवा के पीछे न तो रिफ्लेक्टर लगे थे और न ही इंडिकेटर लाइट जल रही थी। सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बाइक संख्या जेएच 05डब्ल्यू-1870 को अपने कब्जे में ले लिया।