उपायुक्त रांची, मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा आज समाहरणालय स्थित सभागार में Hockey India League (HIL) के 12 से 26 जनवरी 2025 के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में DIG सह वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, चंदन कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, उत्कर्ष कुमार, अपर नगर आयुक्त, रांची नगर निगम, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर जिला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था, राजेश्वर नाथ आलोक, जिला नजारत उप समाहर्ता, सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, महासचिव हॉकी झारखंड संघ भोला नाथ सिंह, HIL ऑर्गनाइजिंग कमेटी के सदस्य, निदेशक खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, उप निदेशक झारखंड खेल प्राधिकरण, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत आपूर्ति अंचल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सफल आयोजन के लिए दिए गए कई निर्देश
बैठक में उपायुक्त रांची ने निर्देश दिया कि सभी मैच फ्लड लाइट्स के नीचे खेले जाएंगे। इसके लिए मैच के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और बिजली एवं ऊर्जा विभाग से तकनीकी विशेषज्ञ की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही टूर्नामेंट के दौरान फायर ब्रिगेड की व्यवस्था कराने का निर्देश भी दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग को जेनरल स्टैंड में प्राथमिक चिकित्सा कक्ष स्थापित करने और एम्बुलेंस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। स्टेडियम के बाहरी परिसर की सफाई, पिचों पर पानी की आपूर्ति, और सजावट के लिए भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।
खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विशेष प्रबंध
बैठक में खिलाड़ियों के ठहरने और अभ्यास स्थलों, प्रतियोगिता स्थलों, तथा पार्किंग स्थलों की पहचान और सुरक्षा कवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और स्टेडियम के महत्वपूर्ण स्थानों पर महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की योजना बनाई गई। इसके लिए जल्द ही नोडल पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
स्टेडियम का निरीक्षण और मुख्यमंत्री की सराहना
मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में 12 से 26 जनवरी 2025 के आयोजन को लेकर उपायुक्त ने स्टेडियम का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की खेल नीति और उनकी खेल प्रेम के प्रति रुचि के कारण यह आयोजन संभव हुआ है। यह झारखंड के खेल प्रेमियों के लिए एक सुनहरा मौका है, जहां वे अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल का आनंद ले सकेंगे।
