झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शुक्रवार को भाजपा में फिर से शामिल होंगे। ओडिशा के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद अब वह मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। रांची स्थित झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में दोपहर एक बजे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।
राजनीतिक दल से इस्तीफा देने का कारण
राज्यपाल पद पर रहते हुए किसी व्यक्ति को किसी राजनीतिक दल का सदस्य नहीं रहना होता है। इसी कारण रघुवर दास ने राज्यपाल बनने से पहले भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। अब वह दोबारा पार्टी में शामिल होकर सक्रिय राजनीति में लौट रहे हैं।
समर्थकों में उत्साह का माहौल
रघुवर दास के प्रदेश की राजनीति में फिर से सक्रिय होने से उनके समर्थकों में भारी उत्साह है। शुक्रवार को वह रांची के धुर्वा स्थित अपने आवास से निकलकर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वह भाजपा के दिवंगत नेता कैलाशपति मिश्र और दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित करेंगे।
भाजपा कार्यालय में स्वागत की तैयारी
उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर समर्थकों ने रांची में बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी की है। जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं। शुक्रवार को कार्यक्रम से पहले गाजे-बाजे के साथ रघुवर दास प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। भाजपा नेता संजय जायसवाल ने बताया कि इस दौरान कार्यकर्ता आतिशबाजी भी करेंगे।
राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात
गुरुवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से राजभवन में मुलाकात की। इसके अलावा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की।
