डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर 7 दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना कार्यक्रम स्थगित
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर भारत सरकार ने 26 दिसंबर 2024 से 1 जनवरी 2025 तक सात दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है।
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, रांची की प्रेस विज्ञप्ति संख्या-730/2024 के अनुसार झारखंड सरकार ने भी इस फैसले का अनुसरण करते हुए अपने राज्य में सात दिनों का राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया है। इस अवधि के दौरान झारखंड के सभी सरकारी भवनों, जहाँ नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, वहाँ ध्वज आधे झुके रहेंगे। साथ ही, किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जाएगा।
साथ ही झारखंड सरकार द्वारा दिनांक 28 दिसंबर को खोजाटोली, नामकुम में आयोजित होनेवाले राज्यस्तरीय झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना कार्यक्रम को भी स्थगित किया गया है।
