जमशेदपुर: पालतू कुत्ते के जन्मदिन पर काटा 40 हजार का केक, इस महिला ने धूमधाम से मनााया कुत्ते का जन्मदिन, उड़ाए लाखों
झारखंड के जमशेदपुर में रहने वाली सपना सोना ने अपने डॉगी रॉटविलर ‘रोज’ के छठवें जन्मदिन को बड़े अनोखे और भव्य तरीके से मनाया, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। TOI की रिपोर्ट के अनुसार, जमशेदपुर के कदमा स्थित भाटिया बस्ती में रहने वाली सपना अपने डॉगी से गहरा लगाव रखती हैं।
सपना ने अपने डॉगी ‘रोज’ के जन्मदिन पर करीब 40 हजार रुपये का केक मंगवाया और लगभग 300 मेहमानों को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस खास आयोजन की तैयारी बड़े ही धूमधाम से की गई थी, जिसमें लोगों को इनविटेशन कार्ड भी दिए गए थे। इस बर्थडे पार्टी में डॉगी ‘रोज’ की एंट्री से लेकर केक कटिंग तक सब कुछ पूरी प्लानिंग और साज-सज्जा के साथ किया गया।
‘रोज’ का 6वां जन्मदिन
5 जनवरी को ‘रोज’ का छठवां जन्मदिन मनाया गया, जिसमें सैकड़ों पेट लवर्स ने भाग लिया। इस मौके पर मेहमान अपने गिफ्ट, गुलदस्ते और शुभकामनाएं लेकर पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत के दौरान सपना ने कहा, “रोज मेरी बेटी है, और मैं उसकी मां। हमारे बीच का इमोशनल बॉन्ड बेहद खास और अद्भुत है।” उन्होंने बताया कि 2019 में उन्होंने ‘रोज’ को खरीदा था और तब से हर साल उसके जन्मदिन को खास तरीके से मनाने की परंपरा शुरू की।
सपना ने ‘रोज’ के लिए एक खास ड्रेस बनवाई थी। जब डॉगी पंडाल की ओर बढ़ी तो ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ उसका स्वागत किया गया। जन्मदिन के केक काटने के दौरान वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने तालियां बजाकर और गाना गाकर इस खास पल का जश्न मनाया।
खाने का शानदार इंतजाम
इस बर्थडे पार्टी में शानदार खाने-पीने का इंतजाम किया गया था। मेन्यू में स्टार्टर, मेन कोर्स, कोल्ड ड्रिंक्स, कॉफी, आइसक्रीम और मिठाइयां जैसी कई लजीज चीजें शामिल थीं। ज्यादातर मेहमानों ने सपना के इस अनोखे और भव्य सेलिब्रेशन की सराहना की।
