झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने शपथ ली है। इस अवसर पर इंडिया गठबंधन के कई बड़े नेता मंच पर उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां शामिल हुईं। हेमंत सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व में गठबंधन सरकार का गठन किया है। शपथ ग्रहण पर काफी भीड़ थी।हेमंत सोरेन के शपथ कार्यक्रम में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल और तेजस्वी यादव सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। इससे पहले कांग्रेस महासचिव एवं झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने बताया था कि विधानसभा में विश्वास मत के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।हाल में हुए विधानसभा चुनावों में हेमंत सोरेन ने बीजेपी के गमलियल हेम्ब्रम को 39,791 मतों से हराकर बरहेट सीट बरकरार रखी। झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने झारखंड विधानसभा चुनाव में 56 सीट हासिल कर अपना बहुमत बनाए रखा, जबकि बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को 24 सीट मिलीं।
