ईस्ट बंगाल की टीम ने शनिवार को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) के एक मैच में जमशेदपुर एफसी को 1-0 से हरा दिया। रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड की जीत में डायमंटाकोस ने 60वें मिनट में एकमात्र गोल किया। ईस्ट बंगाल एफसी के लेफ्ट- विंगर विष्णु पुथिया को बाएं छोर पर तेज-तर्रार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। ईस्ट बंगाल एफसी 12 मैचों में चार जीत, एक ड्रॉ और सात हार से 13 अंक लेकर तालिका में 11वें से 10वें स्थान पर आ गई है। वहीं, जमशेदपुर एफसी 11 मैचों में छह जीत और पांच हार से 18 अंक लेकर तालिका में छठे से सातवें स्थान पर लुढ़क गई है।
