ईचागढ़ विधायक सबीता महतो ने कुकड़ू प्रखंड में एक और नीमडीह प्रखंड में छह सड़कों का भूमिपूजन किया। उन्होंने ट्विटर (अब X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि लगभग 13 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से 25 किलोमीटर लंबी सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
नीमडीह और कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सात सड़कों का भूमिपूजन पारंपरिक रीति-रिवाज और विधिवत प्रक्रिया के तहत शिलापट्ट अनावरण कर किया गया। इस योजना के तहत सड़कों के निर्माण के लिए कुल 13 करोड़ 69 लाख 20 हजार 2 सौ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
नीमडीह प्रखंड में पितकी रेलवे गेट से कुशपुतुल तक 5.3 किमी, जामडीह रेलवे क्रॉसिंग से सिरका तक 2.7 किमी, एनएच 32 बारेदा रोड से माकुला तक 3.9 किमी, हुंडरु पाथरडीह पीडब्ल्यूडी रोड से लाकड़ी तक 6.2 किमी, रामनगर बांदु रोड से पुरियारा मोड़ पीडब्ल्यूडी रोड तक 2.4 किमी, और बांदु से पाड़कीडीह तक 0.8 किमी तक सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। वहीं, कुकड़ू प्रखंड के हेंसालोंग से ओड़ीया तक 2.62 किमी सड़क के सुदृढ़ीकरण का भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात की सुविधा में सुधार होगा और क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा।
