राज्य सरकार ने मुसाबनी के धोबनी में 30 एकड़ जमीन चिह्नित की, राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को दी गयी निर्माण की जिम्मेदारी।
झारखंड का तीसरा सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी में खुलेगा। कुल 254 करोड़ 93 लाख चार हजार सात सौ रुपये में इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण होगा। राज्य सरकार के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त ने मुसाबनी अंचल अंतर्गत धोबनी, थाना संख्या-1096, खाता संख्या- 472, प्लॉट नंबर-11, रकबा 42.30 एकड़ जमीन में से 30 एकड़ जमीन चिह्नित की है। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जमशेदपुर के लिए झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को भवन निर्माण की जिम्मेदारी दी गयी। झारखंड में वर्तमान में दो सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज हैं। इनमें बीआइटी सिंदरी (धनबाद) तथा पलामू में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज हैं। पलामू राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज का संचालन वर्तमान में बीआइटी सिंदरी द्वारा किया जा रहा है।
सात पॉलिटेक्निक संस्थान भी खुलेंगे:-
राज्य सरकार ने पतरातू (रामगढ़), जमशेदपुर, नॉलेज सिटी खूंटी, बरही (हजारीबाग), बुंडू (रांची), देवघर तथा चाईबासा में राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान खोले जायेंगे। इसके अलावा चाकुलिया में भी पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की जा रही है।
