28 दिसंबर का दिन यादगार रहे, इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है। इस दिन राज्य की उन महिलाओं के खातों में ढाई हजार रुपये सरकार की ओर से भेजे जायेंगे, जो मंईयां सम्मान योजना की लाभुक की श्रेणी में आती हैं। पूरा कार्यक्रम नामकुम में होना है। इस कार्यक्रम में करीब एक लाख लाभुक शामिल हो सकते हैं। झामुमो और महागठबंधन के सभी सांसद, सभी विधायक, राज्य सरकार के सभी मंत्री समारोह में दिखेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद तैयारी की समीक्षा कर रहे हैं। 27 दिसंबर को सीएम नामकुम जाकर तैयारियों का जायजा लेंगे।
महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में इस योजना को मास्टर स्ट्रोक के रूप में झामुमो देखता है। नये साल के आगमन से ठीक पहले 28 दिसंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रत्येक लाभुक महिला के खाते में डीबीटी के माध्यम से ढाई हजार रुपये जारी करेंगे।
नामकुम के खोजा टोली मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम को मेगा इवेंट बनाने की तैयारी की जा रही है, जिसमें विभागीय मंत्री, सांसद और विधायक के साथ राज्य भर से करीब एक लाख महिलाएं शामिल हो सकती हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से आने वाली मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के परिवहन की विशेष तैयारी की गयी है।
