गम्हरिया प्रखंड के यशपुर और नवागढ़ पंचायत के बीच खरकई नदी पर नवागढ़ टुसू मेला गंगा पूजा घाट पर पुल का निर्माण होगा। इसकी प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। पुल का निर्माण क्षेत्र के आवागमन को आसान बनाने और विकास को बढ़ावा देने में अहम साबित होगा।
76.19 करोड़ रुपये की लागत से होगी योजना का क्रियान्वयन
आरसीडी की ओर से इस परियोजना पर लगभग 76.19 करोड़ रुपये की लागत आएगी। योजना के तहत हाता-चाईबासा मुख्य सड़क, गोविंदपुर, गंजिया घाट, आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य सड़क को गम्हरिया थाना टर्न तक जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही खरकई नदी पर पुल के अलावा दुग्धा गांव का बाइपास और गेंगरुली, कुसुमबनी गांव से सिदाड़ीह-जुड़ी तक कुल 27.155 किमी सड़क का मजबूतीकरण और चौड़ीकरण भी किया जाएगा।
नववर्ष 2025 में निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद
नए साल, यानी वर्ष 2025 में पुल निर्माण समेत सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य शुरू होने की संभावना है। पुल निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
दो प्रखंडों के दर्जनों पंचायतों को होगा लाभ
पुल बनने से गम्हरिया और राजनगर प्रखंड के दर्जनों पंचायतों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में लोगों को खरकई नदी पार करने के लिए लगभग एक किमी दूर गंजिया बराज का इस्तेमाल करना पड़ता है। इस पुल के निर्माण से आवागमन में सुविधा होगी और समय की बचत होगी।
