रांची - झारखंड के तीन पर्यटन स्थल तिलैया डैम, तेनुघाट और नेतरहाट को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी है। केंद्र सरकार की स्पेशल असिस्टेंट टू स्टेट फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट (एसएएससीआई) योजना में मिलने वाली वित्तीय सहायता से इन तीनों स्थलों पर बुनियादी ढांचों का विकास किया जाएगा। इससे यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य सुविधाओं का विकास होगा। जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। एसएएससीआई योजना के तहत केंद्र के प्रस्ताव पर पर्यटन निदेशालय ने तीनों स्थलों की सूची भेजी थी। इसके तहत ईको टूरिज्म के रूप में तीनों केंद्रों का विकास करीब 207 करोड़ से किया जाना है। तिलैया डैम को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए केंद्र से 34 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकृति भी मिल चुकी है। इसके लिए सात एकड़ जमीन भी चिहिनत की गई है। भवन निर्माण निगम ने डीपीआर बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। इसपर जल्द ही कैबिनेट से स्वीकृति ली जाएगी। वहीं तेनुघाट और नेतरहाट का प्रस्ताव विचाराधीन है। तेनुघाट पर 73 करोड़ और नेतरहाट के विकास पर 100 करोड़ खर्च करने की योजना है।
