चक्रधरपुर : बढ़ती ठंड को देखते हुए असंगठित कामगार कांग्रेस चक्रधरपुर प्रखण्ड अध्यक्ष जयदेव कैर्वत ने स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए जिला प्रशासन से विशेष व्यवस्था की मांग।
चक्रधरपुर : उन्होंने पश्चिम सिंहभूम जिला प्रशासन से अपील की है कि कड़ाके की सर्दी को देखते हुए कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाए, ताकि छोटे बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही, जयदेव कैबर्थ ने बुजुर्गों के लिए सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था करने और गरीबों के लिए गर्म कपड़े उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जंगल से सटे इलाकों में बच्चों और बुजुर्गों को अत्यधिक ठंड के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि ठंड से प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर लगाए जाएं और जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरित किए जाएं। अध्यक्ष ने प्रशासन से ठंड के प्रकोप को गंभीरता से लेने और जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील की है। पूरे झारखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है, लेकिन पश्चिम सिंहभूम के ग्रामीण और वन क्षेत्रों में स्थिति और भी विकट है। ठंड के कारण बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ज्यादा दिक्कतें हो रही हैं।
