गुरुवार सुबह सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत कार्मेल जूनियर कॉलेज के पास हुए ऑटो चालक सूरज प्रामाणिक हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनोज जायसवाल उर्फ पगली, पिंटू सिंह उर्फ प्रकाश कुमार सिंह और विकास कुमार शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, जिंदा कारतूस, स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
जमशेदपुर एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि इस हत्याकांड की वजह पुरानी रंजिश थी। घटना के बाद सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। एसआईटी ने तकनीकी शाखा की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को सुलझा लिया।
