झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार, 6 जनवरी 2025 को मंईयां सम्मान योजना के तहत 56 लाख से अधिक लाभुकों के खातों में 5000 रुपए की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करेंगे। इस बात की जानकारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रमुख प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा हेमंत सोरेन सरकार की प्राथमिकता है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। झारखंड की इंडिया गठबंधन सरकार महिला सशक्तीकरण पर जोर दे रही है और जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
चुनाव से पहले राशि बढ़ाने का लिया गया था फैसला
सुप्रियो भट्टाचार्य ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को एकमुश्त 5000 रुपए महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे। यह राशि दिसंबर और जनवरी की किस्त को मिलाकर दी जाएगी। झामुमो प्रवक्ता ने कहा, “हमने दिसंबर 2024 से मंईयां सम्मान योजना के तहत मिलने वाली राशि को 1,000 रुपए से बढ़ाकर 2,500 रुपए करने का वादा किया था, जिसे पूरा किया जा रहा है। दिसंबर में कुछ लाभुकों के खातों में राशि ट्रांसफर की गई थी। जिनके खातों में यह राशि नहीं पहुंची थी, उन्हें 6 जनवरी को 5000 रुपए एक साथ दिए जाएंगे।”
नामकुम में होगा भव्य समारोह, 3-4 लाख महिलाएं होंगी शामिल
इस अवसर पर राजधानी रांची के नामकुम में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लाभुकों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे। यह कार्यक्रम 28 दिसंबर 2024 को आयोजित होना था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के कारण देश में सात दिन के राष्ट्रीय शोक की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्य के सभी 24 जिलों से 3-4 लाख लाभुकों को रांची लाने की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल का निरीक्षण उपायुक्त और एसएसपी ने किया है, ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।
