खरसावां: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने आज खरसावां गोली कांड के शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मोर्चा के सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि खरसावां गोली कांड का सपना आज भी अधूरा है।
जयराम महतो ने कहा, “शहीदों ने सुशासन और पारंपरिक व्यवस्थाओं की स्थापना के लिए अपनी जान की कुर्बानी दी। हालांकि, आज भी हमारे समाज में अनेक समस्याएं बनी हुई हैं, जिनका समाधान अब तक नहीं हो सका है।”
उन्होंने इस लड़ाई को हक और अधिकार की लड़ाई करार देते हुए पेसा कानून और सीएनटी एक्ट के महत्व पर जोर दिया। जयराम महतो ने कहा कि यदि सरकार चरणबद्ध तरीके से कार्य करेगी, तो किसी भी प्रकार के आक्रोश और आंदोलन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
इस अवसर पर श्रद्धांजलि देने वालों में तरुण महतो, प्रेम माडी, देवेन्द्रनाथ महतो, गोपेश महतो, पाडुराम हाईबुरू, नवीन महतो, करण महतो, बिष्णु विद्रोही, बिंदेश्वर महतो और रोहित महतो, प्रभांशु महतो, सोनमोनी हांसदा सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।
