सरायकेला के काशी साहू महाविद्यालय में बुधवार को इतिहास विभाग द्वारा स्वागत सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में स्नातक प्रथम वर्ष (2024-28) और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष (2024-26) के विद्यार्थियों का खुले मन से स्वागत किया गया, वहीं स्नातक अंतिम वर्ष (2022-24) और स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष (2022-24) के विद्यार्थियों को भावुक विदाई दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. के. सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्वागत भाषण देते हुए इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष प्रकाश कुमार ने विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति को इस कार्यक्रम की सफलता बताया। प्राचार्य डॉ. सिन्हा ने इतिहास विभाग को इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए बधाई दी और विदाई ले रहे विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे जहां भी रहें, महाविद्यालय का नाम रोशन करें।
अतिथियों का स्वागत पारंपरिक ढोल और मांदर के साथ किया गया। इतिहास विभाग के विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और लघु नाटक प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बनाया। इसके अतिरिक्त, इतिहास संबंधी विभिन्न विषयों पर एक प्रदर्शनी कार्यक्रम की मुख्य विशेषता रही।
समारोह में स्नातक और स्नातकोत्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। स्नातक में रश्मि कोड़ा, शिवानी उरांव, सगुन टुडू, सलोनी शर्मा और चुमकी बेहरा तथा स्नातकोत्तर में संजय कुमार कारवां, प्रियंका महतो, राखी मोहंती, रुनु मोदक और गुलनाज परवीन को क्रमशः प्रथम से पंचम स्थान पर रहने के लिए मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इतिहास विभाग के शिक्षक डॉ. चंद्रशेखर राय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया, जबकि छात्र संघ के अध्यक्ष प्रकाश महतो ने अपने संबोधन में मेहनत और परिश्रम की प्रेरणा दी। मंच संचालन इतिहास विभाग के विद्यार्थियों रश्मि कोड़ा और राकेश महतो ने किया। धन्यवाद ज्ञापन इतिहास विभाग के शिक्षक डॉ. कमलेश कुमार कमलेन्दु ने दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, छात्र संघ के सदस्य, अभिभावक और इतिहास विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
